RAIPUR PINK PATROL UNIT : Police in plain clothes in Garba pandals, no mercy for miscreants!
रायपुर। रायपुर में नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने खास तैयारी की है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने असामाजिक तत्वों और मनचलों पर नजर रखने के लिए विशेष पिंक पेट्रोल यूनिट को मैदान में उतारा है। महिला पुलिसकर्मी गरबा की ड्रेस में आम लोगों के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
पंडाल के अंदर ही पकड़े जाएंगे संदिग्ध
पुलिस की महिला टीम गरबा पंडालों के भीतर और प्रवेश द्वारों पर तैनात रहेगी। छेड़छाड़ करने, फब्तियां कसने, महिलाओं की आपत्तिजनक फोटो या वीडियो बनाने और अभद्र व्यवहार करने वालों पर खास नजर रखी जाएगी। ऐसे लोगों को रंगे हाथों पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।
पंडालों के आसपास के रास्तों पर भी पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करेंगे। किसी भी शिकायत या सूचना पर टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी।
महिलाओं से पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं से बिना किसी डर के गरबा और डांडिया का आनंद लेने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना होने पर तुरंत सूचना दें।
ये नंबर कर लें नोट
गरबा पंडाल या शहर में कहीं भी परेशानी होने पर पिंक पेट्रोल यूनिट के हेल्पलाइन नंबर 9479210932 या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस के मुताबिक, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
अब गरबा आयोजनों के दौरान पुलिस की यह विशेष व्यवस्था महिलाओं की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिहाज से अहम होगी।
