JHARKHAND POLITICS: High Court imposes fine on Hemant Soren!
JHARKHAND POLITICS: झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस एके चौधरी की अदालत ने गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगा दिया।
यह जुर्माना तब लगाया गया जब उनके वकील ने ED अधिकारियों की उस याचिका पर सुनवाई टालने की मांग की, जिसमें अधिकारियों ने सोरेन की तरफ से दर्ज कराई गई FIR के आधार पर अपने खिलाफ शुरू की गई आपराधिक कार्यवाही को चुनौती दी थी।
अदालत ने जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए दो नवंबर की तिथि निर्धारित की है। अदालत ने उक्त राशि झालसा में जमा करने का निर्देश दिया है। हेमंत सोरेन की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए छह सप्ताह का समय मांगा गया।
हेमंत सोरेन की ओर से ईडी अधिकारियों पर पूछताछ और कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी प्राथमिकी के खिलाफ ईडी के अधिकारियों ने हाई कोर्ट का रुख किया है।
अधिकारियों की ओर से प्राथमिकी दर्ज किए जाने के साथ-साथ उसके आधार पर चल रही जांच की कार्रवाई को भी चुनौती दी गई है। इससे पहले हाई कोर्ट ने ईडी अधिकारियों के खिलाफ पुलिस की ओर से जारी नोटिस पर रोक लगाते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा था।
