CG SIR Controversy: Congress leader Mohammad Akbar targets the Election Commission over the SIR process!
CG SIR CONTROVERSY: छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के बाद मतदाता सूची में करीब 25 लाख वोटरों की कमी को लेकर पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने सवाल उठाया है।
पूर्व मंत्री अकबर के मुताबिक, 2023 के विधानसभा चुनाव में दोनों प्रमुख दलों के कुल मतों का अंतर 6 लाख 32 हजार 382 था। वहीं, SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची में 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं की कमी दर्ज हुई। उनका कहना है कि यह संख्या चुनावी मत अंतर से करीब चार गुना है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक, SIR के बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई। इसमें कुल 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाता दर्ज हैं।
गणना के दौरान 19 लाख 13 हजार 540 मतदाता ऐसे मिले, जो दूसरे स्थान पर जा चुके थे या अपने पते पर मौजूद नहीं थे। इसके अलावा 6 लाख 42 हजार 234 मृत मतदाताओं के नाम और 1 लाख 79 हजार 43 ऐसे मतदाताओं के नाम मिले, जिनका पंजीयन एक से ज्यादा जगह पर था।
कांग्रेस नेता ने कहा कि शिफ्टेड या अनुपस्थित श्रेणी में शामिल मतदाता रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से अपने पंजीकृत पते पर नहीं मिले हो सकते हैं। उन्होंने ऐसे मतदाताओं के मामलों की व्यक्तिगत स्तर पर समीक्षा की मांग की है।
उनका कहना है कि जिन पात्र मतदाताओं को नाम हटाए जाने से पहले अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला, उन्हें सुनवाई का मौका दिया जाना चाहिए। निर्वाचन विभाग के मुताबिक SIR में दावे-आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक ली गईं और प्राप्त दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम सूची प्रकाशित की गई।
कांग्रेस नेता अकबर ने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में बनाए रखना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
