UP Politics: Mayawati raises questions about EVMs!
UP POLITICS: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि चुनाव में EVM (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) का इस्तेमाल तुरंत बंद किया जाए और इसके स्थान पर मतपत्र से मतदान की प्रक्रिया फिर शुरू की जाए।
मायावती ने कहा, ‘‘देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों पर सभी का विश्वास फिर से कायम हो सके, इसके लिए बसपा की पुरजोर मांग है कि ईवीएम से चुनाव तुरंत बंद किया जाए और इसकी जगह बैलेट पेपर से मतदान की प्रक्रिया फिर शुरू की जाए।’’
मायावती ने यह भी दावा किया कि यह सर्वविदित है कि EVM को रिमोट प्रणाली के जरिए प्रभावित (हैक) किया जा सकता है, ऐसे में किसी भी मतदाता को यह विश्वास नहीं दिलाया जा सकता कि उसका वोट उसी व्यक्ति के पक्ष में गिना गया, जिसे उसने अपना मत दिया था।
मायावती ने ईवीएम के जरिए मतदान की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बसपा ने शुरू से ही EVM के जरिए मतदान का विरोध किया था और जब उसकी बात नहीं सुनी गई तो पार्टी ने EVM से जुड़ी प्रक्रिया को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी थी।
हालांकि, उच्चतम न्यायालय ने ईवीएम की प्रक्रिया समाप्त करने के बजाय उसके साथ वीवीपैट लगाने की व्यवस्था लागू करने का आदेश दिया।
मायावती ने दावा किया, ‘‘वीवीपैट लगाए जाने का कोई लाभ नहीं हुआ और ईवीएम से मतों की गिनती के दौरान सभी वीवीपैट पर्चियों की गिनती नहीं की जाती, जिससे उनका मतगणना से मिलान नहीं हो पाता।’’
उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब सबसे पहले भाजपा ने यह कहते हुए ईवीएम का विरोध किया था कि यह एक ऐसी मशीन है, जिसमें लगी चिप को आसानी से हैक किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि भाजपा चुनाव जीतकर केंद्र की सत्ता में आई तो उसने ईवीएम को खत्म कराने के बजाय उसके जरिए मतदान और मतगणना की प्रक्रिया जारी रखी।
