CG ECON 2026: Spectacular 300-drone show; four ‘Signature Awards’ presented!
CG ECON 2026: इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (ईमैक – EEMAC) द्वारा ‘द वाहे – बैंक्वेट एंड रिसॉर्ट्स’, रायपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्य-स्तरीय महाकुंभ ‘ईकॉन 2026’ ( इवेंट एंड एंटरटेनमेंट कॉन्क्लेव 2026) का शनिवार को भव्य समापन हुआ। दूसरे दिन दिनभर चले वैचारिक मंथन, अलग-अलग सेशंस और शाम को 300 ड्रोन्स के शानदार शो ने राष्ट्रीय और स्थानीय इवेंट उद्योग जगत के लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कॉन्क्लेव के दूसरे दिन (19 सितम्बर) की शुरुआत सुबह 6:30 बजे साउंड हीलिंग सेशन और नेटवर्किंग के साथ हुई। इसके पश्चात् विभिन्न तकनीकी और वैचारिक सत्रों का आयोजन हुआ, जिसमें स्पॉंसर्स का सम्मान भी किया गया। दोपहर के सत्र में विशेष रूप से “छत्तीसगढ़ शासन के वृहद आयोजनों” पर एक केस स्टडी प्रस्तुत की गई, जिसमें राज्य के बड़े इवेंट्स के सक्सेसफुल मैनेजमेंट और स्थानीय भागीदारी पर विस्तार से चर्चा हुई।
शाम को कॉन्क्लेव के मुख्य लॉन में 300 ड्रोन्स का एक भव्य शो आयोजित किया गया। इसके पश्चात आयोजन स्थल के कक्ष क्र. 25 में ईमा (EEMA) और ईमैक (EEMAC) के प्रतिनिधियों के बीच उद्योग के विकास पर एक महत्वपूर्ण राउंड टेबल बैठक हुई। इस बैठक में ईमा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक चौधरी, ईमैक के अध्यक्ष नवल तिवारी, ईमा के महासचिव विनोद जनार्दन, कोषाध्यक्ष श्री विपुल अग्रवाल, उपाध्यक्ष (वेस्ट) हर्षल कोठारी, ईमैक के संयुक्त सचिव आकाश मित्तल, सिरीशा गोर्टी और ईकॉन ’26 के आयोजन समिति अध्यक्ष भावार्थ वारेतवार शामिल हुए।
मुख्य सभागार में आयोजित समापन सत्र में ईमैक के अध्यक्ष नवल तिवारी ने स्वागत उद्बोधन दिया। समारोह में ईमा (EEMA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक चौधरी ने अपना मुख्य वक्तव्य (कीनोट) प्रस्तुत किया तथा इवेंट जगत के भविष्य और छत्तीसगढ़ की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर उद्योग में विशिष्ट योगदान के लिए चार ‘ईमैक सिग्नेचर अवॉर्ड’ प्रदान किए गए। समापन सत्र का आभार प्रदर्शन ईमैक बिलासपुर चैप्टर के संयोजक शिवम शुक्ला द्वारा किया गया।
दो दिवसीय इस ऐतिहासिक कॉन्क्लेव का शानदार समापन ‘अवॉर्ड नाइट – 3’ और मुख्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों (हैडलाइन एक्ट्स) के साथ हुआ।
