BASTAR DEVELOPMENT: Special emphasis on enhancing connectivity; instructions issued to complete work by December!
रायपुर, 18 अगस्त 2026। राज्य शासन बस्तर में सड़क कनेक्टिविटी के विस्तार पर विशेष जोर दे रहा है। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज नवा रायपुर स्थित ‘निर्माण भवन’ में बस्तर परिक्षेत्र के अभियंताओं और ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भारत सरकार के आरआरपी (Road Requirement Plan) और आरसीपीएलडब्ल्यूईए (Road Connectivity Project in Left Wing Extremism Areas) के तहत चल रहे कार्यों को आगामी दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने और हर 15 दिन में प्रगति की समीक्षा करने कहा गया। सभी ठेकेदारों को 10 सितंबर तक कार्यों में स्पष्ट प्रगति दिखाने के निर्देश दिए गए हैं। अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में दो-तीन दिन निर्माण स्थलों का दौरा कर सामग्री और गुणवत्ता की निगरानी करने तथा अनुबंध के अनुसार प्लांट एवं मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
सचिव ने प्राथमिकता वाले कार्यों के प्राक्कलन, पहुंचविहीन गांवों को जोड़ने वाली प्रस्तावित सड़कों और पुलों, भू-अर्जन एवं वन-व्यपवर्तन के लंबित मामलों की भी समीक्षा की। बरसात के बाद पेच रिपेयर के लिए 30 सितंबर तक निविदा प्रक्रिया पूरी करने और गड्ढों को तत्काल भरने के निर्देश दिए गए। बाढ़ एवं अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की स्थायी मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ ही लंबित भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन, विभागीय जांच और न्यायालयीन मामलों के समयबद्ध निराकरण पर भी जोर दिया गया। बैठक में बस्तर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के वरिष्ठ अभियंता, कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।
