RAIPUR CONGRESS PROTEST: Bhupesh Baghel lashes out at the ED, says everyone will be held accountable!
RAIPUR CONGRESS PROTEST: छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाला मामले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और सरकारी एजेंसीयों पर जमकर नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ED पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा की चाटुकारिता करने वाली ED संभल जाए, सरकार बदलने वाली है।” उन्होंने कहा कि अधिकारी गलत काम करना और विपक्ष के खिलाफ षड्यंत्र रचना बंद करें, क्योंकि कानून से बढ़कर कोई नहीं है और सभी का हिसाब लिया जाएगा।
भूपेश बघेल ने मंच से कहा- अब हमें छेड़ोगे तो हम भी छोड़ेंगे नहीं। भूपेश बघेल ने कहा कि जब पिछली बार कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब उन्होंने 15 साल की रमन सरकार के दौरान हुए मामलों को लेकर बदले की राजनीति नहीं की।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी तय किया है कि भाजपा के जो नेता भ्रष्टाचार में शामिल हैं, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। बघेल ने कहा- जो-जो भाजपा नेता करप्शन में जुड़े हुए हैं, उन्हें हम छोड़ेंगे नहीं। एक-एक करके निकलेंगे और जेल भेजेंगे।
