RAIPUR POLICE: Notices issued to 9 hotel operators after discrepancies were found in their records!
RAIPUR POLICE: रायपुर पुलिस ने सघन जांच के दौरान 89 होटल, लॉज और धर्मशालाओं में नियमों के उल्लंघन और रिकॉर्ड में खामियां मिलने पर 9 संचालकों को नोटिस जारी किया गया।
डीसीपी तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर कोतवाली, गंज, तेलीबांधा सहित मध्य जोन के सात थाना क्षेत्रों ने कुल 81 होटल, 7 लॉज और 1 धर्मशाला में ठहरे लोगों का भौतिक सत्यापन किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने होटलों में ठहरे लोगों के पहचान पत्र, विजिटर रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और ऑनलाइन बुकिंग रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। साथ ही यह भी देखा गया कि होटल संचालक निर्धारित नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं।
जांच के दौरान 17 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। वहीं रिकॉर्ड संधारण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर 9 होटल संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने 68 होटल संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने यहां ठहरने वाले मेहमानों की जानकारी नियमित रूप से ‘समाधान’ एप के माध्यम से पुलिस को उपलब्ध कराएं। अधिकारियों ने कहा कि इससे अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, होटल, लॉज और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का नियमित सत्यापन कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जरूरी है। आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।
