CG JAIL DEATH : Life sentence dies in prison! Heart attack or something else?
विकास सामनानी, ब्यूरो चीफ, बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में सोमवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे 62 वर्षीय जनक राम बंजारे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मुंगेली निवासी जनक राम बंजारे साल 2015 से जेल में बंद थे।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे जनक राम बंजारे बैरक से बाथरूम जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान वे अचानक बेसुध होकर गिर पड़े। गिरने से उनके शरीर के कई हिस्सों में चोटें भी आईं। जेल स्टाफ ने तत्काल उन्हें जेल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर करीब एक घंटे बाद सिम्स अस्पताल रेफर किया गया।
सिम्स में इलाज के दौरान सुबह करीब 5:30 बजे जनक राम बंजारे ने दम तोड़ दिया। शुरुआती आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है, लेकिन शरीर पर मिले चोट के निशानों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है।
CG: देश की सबसे बड़ी अनाज मंडी पहुँचा CAIT का “व्यापारी संवाद” अभियान
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि बंदी की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। बैरक के आसपास की परिस्थितियों और अन्य बंदियों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
जनक राम बंजारे को वर्ष 2015 में हत्या के एक मामले में न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। तब से वे बिलासपुर सेंट्रल जेल में सजा काट रहे थे। अब उनकी अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे।
