CG Politics: National Anthem and National Song made mandatory in schools; government and opposition at loggerheads.
CG POLITICS : स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए प्रदेश के सभी स्कूलों में प्रतिदिन सुबह राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र तथा महापुरुषों के प्रेरक जीवन वचनों का पाठ करने के निर्देश दिये है।
इसके अलावा मिड-डे मील के दौरान भोजन मंत्र और स्कूल की छुट्टी के समय राजगीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का सामूहिक पाठ कराये जाने का आदेश जारी किया है।
सरकार के इस फैसले को लेकर जहां एक ओर समर्थन मिल रहा है, वहीं विपक्ष इसे शिक्षा के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला कदम बता रहा है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह बेहद स्वागत योग्य और ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना आवश्यक है। उनके अनुसार, इन मंत्रों और प्रार्थनाओं का ज्ञान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आध्यात्मिक उन्नति में सहायक होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि स्कूलों में प्रार्थना और मंत्रोच्चार कोई नई बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इसे नई पहल बताकर राजनीतिक प्रचार करने की कोशिश कर रही है।
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के कई स्कूलों में अभी तक समय पर किताबें नहीं पहुंची हैं, ड्रेस वितरण में कटौती हो रही है, अनेक स्कूल जर्जर हालत में हैं और कई स्थानों पर शिक्षकों की कमी बनी हुई है।
आने वाले दिनों में यह विषय राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का केंद्र बना रह सकता है।

