RAIPUR GANJA SMUGGLING : Drug network busted in 48 hours
रायपुर. रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क को तोड़ दिया है। सिर्फ 48 घंटे के अंदर पुलिस ने उड़ीसा के 5 जिलों में एक साथ दबिश देकर 9 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
इस ऑपरेशन के लिए एसीसीयू, एएनटीएफ और थानों की 50 सदस्यीय टीम बनाई गई थी, जिसने डॉ. नरेश पटेल के नेतृत्व में लगातार छापेमारी की। पुलिस ने बरगढ़, बलांगीर, टिटलागढ़, कंधमाल और बौध में एक साथ कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंच बनाई।
सबसे बड़ी बात ये है कि ये नेटवर्क सिर्फ छत्तीसगढ़ या उड़ीसा तक सीमित नहीं था। जांच में खुलासा हुआ कि ये गिरोह मध्यप्रदेश, राजस्थान, यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, पंजाब और उड़ीसा तक गांजा सप्लाई कर रहा था।
इस कार्रवाई में 6 अलग-अलग मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 8 उड़ीसा और 1 महाराष्ट्र का रहने वाला है। वहीं मुख्य सप्लायर चेन भी पुलिस के निशाने पर है।
रायपुर पुलिस का कहना है कि कमिश्नरेट बनने के बाद नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई हो रही है। अब तक NDPS के 62 मामलों में 107 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब ढाई करोड़ की जब्ती की गई है।
हाल ही में आजाद चौक इलाके में भी पुलिस ने पंजाब के 4 ड्रग तस्करों को पकड़ा था। यानी साफ है कि रायपुर पुलिस अब नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के मिशन पर है।

