FARMHOUSE DRUG PARTY : MP and six others detained…
हैदराबाद. हैदराबाद के पास एक फार्महाउस में हुई ड्रग्स पार्टी ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। तेलुगु देशम पार्टी के सांसद पुट्टा महेश कुमार और बीआरएस के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी समेत छह लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक हैदराबाद के पास मोइनाबाद इलाके में स्थित रोहित रेड्डी के फार्महाउस में नशीले पदार्थों के इस्तेमाल की सूचना मिलने पर मादक पदार्थ कानून प्रवर्तन की विशेष टीम ‘ईगल’ ने शनिवार रात पुलिस के साथ मिलकर छापा मारा।
छापे के दौरान वहां मौजूद 11 लोगों की मौके पर ही यूरीन ड्रग टेस्टिंग किट से जांच की गई। शुरुआती जांच में पांच लोगों के ड्रग्स लेने की पुष्टि हुई थी, जबकि सांसद की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी।
हालांकि बाद में अस्पताल में ब्लड टेस्ट किए जाने पर सांसद समेत कुल छह लोगों के ड्रग्स लेने की पुष्टि हो गई। इसके बाद सभी को हिरासत में ले लिया गया।
बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान एक व्यक्ति ने रिवॉल्वर से हवा में तीन गोलियां भी चलाई थीं। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है।
छापे के दौरान करीब दो ग्राम नशीला पदार्थ भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल फार्महाउस में ही हुआ था या कहीं और।
पुलिस के अनुसार इस पार्टी में रियल एस्टेट कारोबारी, बिजनेसमैन और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी शामिल थे।

