Raipur-Durg-Bhilai commuters beware, this flyover will remain closed from today
रायपुर:दुर्ग से रायपुर जाने और आने वालों के लिए बड़ी खबर है। दुर्ग–रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर स्थित कुम्हारी फ्लाईओवर में रूटीन मरम्मत कार्य के चलते फ्लाईओवर का ऊपरी मार्ग आज से अगले 8 दिनों तक, यानी 18 मार्च तक बंद रहेगा। फ्लाईओवर के नियमित तकनीकी निरीक्षण के दौरान इसमें कुछ मरम्मत कार्य की आवश्यकता पाई गई थी। इसी कारण फ्लाईओवर के ऊपरी मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है।
वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे से गुजरना होगा
ऊपरी मार्ग बंद होने के कारण दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे बनी सर्विस लेन से गुजारा जाएगा। इससे मरम्मत का काम भी आसानी से हो सकेगा और यातायात भी चलता रहेगा।
तैनात रहेंगे ट्रैफिक पुलिस के जवान
यातायात पुलिस ने बताया कि मरम्मत के दौरान सड़क पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाएंगे। मौके पर ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे, जो वाहन चालकों को सही रास्ता दिखाने के साथ ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने में मदद करेंगे। जहां जरूरत होगी वहां बैरिकेडिंग और संकेतक भी लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को पहले से ही रास्ते की जानकारी मिल सके।
हालांकि सर्विस लेन से यातायात चलने के कारण इस रूट पर थोड़ी धीमी गति से वाहन चलने की संभावना है। खासकर ऑफिस समय या शाम के वक्त ट्रैफिक थोड़ा ज्यादा हो सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और जल्दबाजी से बचें।

