Brahmachari attacked in Rewa Express, Swami Avimukteshwarananda accused of conspiracy
प्रयागराज : श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के मुख्य वादी और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर रविवार सुबह चलती ट्रेन में जानलेवा हमला हुआ। यह सनसनीखेज वारदात फतेहपुर और कौशांबी के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच रीवा एक्सप्रेस में हुई।

धारदार हथियार से नाक काटने का प्रयास
जानकारी के अनुसार, आशुतोष ब्रह्मचारी गाजियाबाद से प्रयागराज आ रहे थे। सुबह करीब 5 बजे जब वे कोच (H1) के टॉयलेट जाने के लिए उठे, तभी पहले से घात लगाए एक हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर ने उनकी नाक काटने की कोशिश की और उनके चेहरे व शरीर पर कई गंभीर घाव कर दिए। आशुतोष ने हमलावर को धक्का देकर खुद को ट्रेन के टॉयलेट में बंद कर लिया और किसी तरह अपनी जान बचाई।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए साजिश के आरोप
लहूलुहान हालत में प्रयागराज संगम स्टेशन पहुँचने के बाद आशुतोष को इलाज के लिए कॉल्विन अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके सहयोगियों की एक सोची-समझी साजिश है। आशुतोष के अनुसार, उनकी नाक काटने के लिए 21 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसका जिक्र उन्होंने पुलिस शिकायत में भी किया है।
पुलिस जांच और एफआईआर
प्रयागराज जीआरपी (GRP) थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जांच तेज कर दी है। गौरतलब है कि 12 मार्च को इलाहाबाद हाईकोर्ट में श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद और यौन शोषण मामले से जुड़ी महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है, जिसकी पैरवी के लिए ही आशुतोष प्रयागराज आ रहे थे

