RAJYA SABHA 2026 : What did Lakshmi Verma say after the name announcement…
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा चुनाव 2026 की तस्वीर साफ होने लगी है। बीजेपी ने पहली सीट के लिए लक्ष्मी वर्मा के नाम का ऐलान कर दिया है। घोषणा के कुछ ही देर बाद वह रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचीं, जहां कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा पार्षद के रूप में शुरू की थी और आज राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। उन्होंने नरेन्द्र मोदी और पार्टी संगठन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हमेशा मातृशक्ति को प्राथमिकता दी है और यह उसी सोच का परिणाम है।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे। अरुण साव ने कहा कि एक ओजस्वी और समर्पित कार्यकर्ता को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है, जो छत्तीसगढ़ की बेटी होने के साथ संगठन की मजबूत आवाज भी है।
राजनीतिक जानकार इसे महिला प्रतिनिधित्व और सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं। अब आगे नामांकन और चुनावी प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।

