CG BREAKING: 3 names shortlisted for Rajya Sabha seat, hinting at giving chance to ‘Matri Shakti’
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सीट को लेकर बीजेपी में चला लंबा मंथन अब लगभग खत्म माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक 7 नामों के पैनल में से 3 नाम फाइनल कर लिए गए हैं लक्ष्मी वर्मा, नारायण चंदेल और डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी।
लेकिन सबसे आगे जिस नाम की चर्चा है, वो है लक्ष्मी वर्मा। पार्टी के अंदर यह मैसेज देने की तैयारी है कि इस बार ‘मातृशक्ति’ को प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और महिला वर्ग में पकड़ को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व की सहमति की बात कही जा रही है। औपचारिक घोषणा आज कभी भी हो सकती है।
शुरुआती पैनल में सरोज पांडेय, भूपेंद्र सवन्नी, किरण बघेल और निर्मल के नाम भी थे, लेकिन विचार-विमर्श के बाद दायरा तीन नामों तक सीमित कर दिया गया।
नारायण चंदेल और डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी भी मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। दोनों का संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक बैकग्राउंड मजबूत है, लेकिन महिला प्रतिनिधित्व का कार्ड समीकरण बदलता दिख रहा है।
अभी कौन हैं राज्यसभा सांसद?
छत्तीसगढ़ से फिलहाल 5 सदस्य राज्यसभा में हैं। इनमें 2 सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को खत्म हो रहा है। ये दोनों कांग्रेस से हैं। बाकी सदस्यों में भी कांग्रेस और बीजेपी के प्रतिनिधि शामिल हैं। बीजेपी की नजर इन सीटों पर अपना संतुलन मजबूत करने पर है।
कैसे होता है राज्यसभा चुनाव?
राज्यसभा चुनाव सीधे जनता नहीं, बल्कि विधायक करते हैं। यह अप्रत्यक्ष चुनाव होता है। राज्यसभा एक स्थायी सदन है और हर दो साल में एक-तिहाई सदस्य रिटायर होते हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 विधायक हैं। इस बार 2 सीटें खाली हो रही हैं। फॉर्मूला है – 90 ÷ (2+1) + 1 = 31
मतलब किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए कम से कम 31 विधायकों के प्रथम वरीयता वोट चाहिए। जो यह आंकड़ा पार कर लेता है, उसकी जीत लगभग तय हो जाती है।
अब सबकी नजर आधिकारिक ऐलान पर है। क्या वाकई बीजेपी इस बार महिला चेहरे पर दांव खेलेगी? फैसला कभी भी सामने आ सकता है।

