US-ISRAEL-IRAN WAR IMPACT: 54 people from Chhattisgarh stranded in Gulf countries, appeal to the government for repatriation
रायपुर: पश्चिम एशिया में ईरान और इजराइल के बीच गहराते युद्ध के संकट ने अब छत्तीसगढ़ के परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। खाड़ी देशों से आने-जाने वाली फ्लाइट्स के रद्द होने के कारण छत्तीसगढ़ के 54 यात्री दुबई और अबूधाबी में फंस गए हैं। इनमें से 12 से 14 लोग अकेले राजधानी रायपुर के बताए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा होटल
मिली जानकारी के मुताबिक, फंसे हुए यात्रियों में से कई लोग अपनी निर्धारित फ्लाइट पकड़ने के लिए एयरपोर्ट तक पहुंच चुके थे। लेकिन ऐन वक्त पर उड़ानें रद्द कर दी गईं। सुरक्षा कारणों और एयरस्पेस बंद होने की वजह से उड़ानों पर रोक लगाई गई है, जिसके बाद यात्रियों को भारी मन से वापस अपने होटलों में लौटना पड़ा।
दुबई और अबूधाबी में कड़े प्रतिबंध
वहां फंसे यात्रियों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर कड़े निर्देश जारी किए हैं:
इंटरनेट पर पाबंदी: खाड़ी देशों में रह-रहकर इंटरनेट सेवाएं बंद की जा रही हैं। मोबाइल नेटवर्क भी काफी धीमा (Slow) काम कर रहा है, जिससे परिजनों से बात करना मुश्किल हो गया है।
पर्यटन स्थल बंद: सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों को ताला लगा दिया गया है।
बाहर निकलने पर रोक: यात्रियों को होटल से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। ग्रुप में बाहर जाने पर पूरी तरह मनाही है। केवल आपातकालीन स्थिति में ही बाहर जाने की अनुमति है।
परिजनों ने सरकार से लगाई मदद की गुहार
छत्तीसगढ़ में बैठे इन यात्रियों के परिजन अब दहशत में हैं। सुरक्षित वापसी का कोई रास्ता नजर न आने पर यात्रियों और उनके परिवारों ने भारत सरकार और राज्य सरकार से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। हालांकि, सभी यात्री फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर हैं, लेकिन वहां का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

