CG BREAKING : Former Home Minister demands CBI inquiry into Bhatpahari
रायपुर। पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर की चिट्ठी एक बार फिर छत्तीसगढ़ के सत्ता गलियारों और लोक निर्माण विभाग में हलचल मचा रही है। कंवर ने मुख्य सचिव विकासशील को पत्र लिखकर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता विजय कुमार भतपहरी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
पूर्व मंत्री ने अपने पत्र में लिखा कि भतपहरी ने अपने पद का दुरुपयोग कर अपने चहेते ठेकेदारों को नियम विरुद्ध लाभ पहुँचाया और विभाग एवं शासन की छवि को नुकसान पहुँचाया। उनके खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो और राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण विभाग में 2011 व 2015 में केस दर्ज किए गए थे, लेकिन राजनीतिक पहुंच के कारण कार्रवाई लंबित रही।
जांच में पाया गया कि राजनांदगांव संभाग में 4.37 करोड़ रुपये की अनियमितता हुई, जबकि कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ गुम हुए। भतपहरी ने 2003 में तदर्थ पदोन्नति पाकर कार्यपालन अभियंता के पद पर रहते हुए लाखों रुपए के भुगतान को मंजूरी दी, जो बाद में विवादित साबित हुआ।
पूर्व गृह मंत्री ने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि भतपहरी को उनके पद से हटाया जाए और लंबित मामलों की सीबीआई जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि इससे लोक निर्माण विभाग में पारदर्शिता आएगी और भ्रष्टाचार पर नकेल कसी जा सकेगी।

