ARMY CEE 2026 : आर्मी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, आज से आवेदन शुरू …

Date:

ARMY CEE 2026 : Army recruitment notification released, applications start today …

नई दिल्ली। भारतीय सेना में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए आज का दिन बेहद अहम है। इंडियन आर्मी ने अग्निवीर (Agniveer), जूनियर कमीशन अधिकारियों (JCO) और अन्य रैंकों की भर्ती के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (Army CEE 2026) का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही आज, 3 फरवरी 2026 से आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

भर्ती में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस बार सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये तय किया गया है। फीस का भुगतान नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड के जरिए ऑनलाइन किया जा सकेगा। बिना शुल्क जमा किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

सेना ने अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी स्पष्ट कर दी है। अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD) के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है और न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। जिन अभ्यर्थियों के पास ड्राइविंग लाइसेंस है, उन्हें ड्राइवर पदों के लिए प्राथमिकता दी जाएगी।

अग्निवीर टेक्निकल पद के लिए 12वीं (फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स) पास होना जरूरी है। इसमें कुल 50 प्रतिशत अंक और प्रत्येक विषय में कम से कम 40 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। क्लर्क और स्टोरकीपर पदों के लिए 12वीं में 60 प्रतिशत अंक चाहिए, जबकि अंग्रेजी और गणित या अकाउंट्स में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं।

ट्रेड्समैन पदों के लिए 8वीं या 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिसमें सभी विषयों में कम से कम 33 प्रतिशत अंक होना चाहिए। वहीं महिला मिलिट्री पुलिस के लिए 45 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना अनिवार्य रखा गया है।

सेना भर्ती के लिए आयु सीमा 17.5 वर्ष से 21 वर्ष के बीच तय की गई है। चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) लिया जाएगा। इसके बाद मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों को फिजिकल फिटनेस टेस्ट और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा।

भर्ती महानिदेशालय की ओर से उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि फॉर्म भरते समय अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी सक्रिय रखें, क्योंकि सभी जरूरी सूचनाएं इन्हीं माध्यमों से भेजी जाएंगी। साथ ही अंतिम दिनों में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी समस्या आ सकती है, इसलिए उम्मीदवार समय रहते आवेदन पूरा कर लें।

उम्मीदवारों को यह भी सलाह दी गई है कि आधार कार्ड को मोबाइल नंबर से लिंक रखें ताकि डिजिलॉकर के जरिए दस्तावेजों का सत्यापन आसानी से किया जा सके। आवेदन के समय 10वीं की मार्कशीट और हालिया पासपोर्ट साइज फोटो की स्कैन कॉपी भी तैयार रखने की जरूरत होगी।

 

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related