VOTER LIST UPDATE : Lakhs of voters deleted in 4 states after SIR campaign
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग द्वारा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन कर दिया गया है। इस अभियान का उद्देश्य मृत, शिफ्टेड और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध बनाना था।
इस प्रक्रिया में चारों राज्यों से लाखों मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। मध्य प्रदेश में कुल 42,74,160 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। राजधानी भोपाल में 4.38 लाख नाम हटाए गए, जिनमें गोविंदपुरा और नरेला विधानसभा क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित रहे। राज्य में 31.51 लाख शिफ्टेड या अनुपस्थित और 2.77 लाख डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं।
छत्तीसगढ़ में यह 2003 के बाद सबसे बड़ा पुनरीक्षण माना जा रहा है। यहां अब तक 27,34,817 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिनमें 19 लाख से अधिक शिफ्टेड, 6.42 लाख मृत और 1.79 लाख डुप्लीकेट नाम शामिल हैं।
केरल में ड्राफ्ट सूची से 24 लाख से अधिक मतदाताओं को बाहर किया गया है। वहीं अंडमान निकोबार द्वीप समूह में SIR के बाद जारी ड्राफ्ट रोल के अनुसार 9,191 वोटर मृत, 51,906 स्थायी रूप से शिफ्टेड और 2,917 डुप्लीकेट पाए गए हैं।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं के नाम गलती से कट गए हैं, वे 22 जनवरी 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। सुधार के बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

