CG TRAIN CANCELLED : नया साल यात्रियों पर भारी, ट्रेनें रद्द, फ्लाइट कैंसिल, रायपुर से सफर बना सिरदर्द

Date:

CG TRAIN CANCELLED : New Year weighs heavily on passengers, trains cancelled, flights cancelled, travel from Raipur becomes a headache

रायपुर। नए साल की शुरुआत यात्रियों के लिए राहत नहीं, बल्कि मुसीबतों का पैकेट लेकर आ रही है। जनवरी–फरवरी 2026 में रेलवे की बड़ी तकनीकी परियोजना और एयरलाइन संकट के चलते ट्रेन और फ्लाइट-दोनों मोर्चों पर यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है।

रेलवे द्वारा काजीपेट–बल्लारशाह रेल खंड में तीसरी लाइन बिछाने के लिए प्री नॉन–इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी काम के कारण साल के शुरुआती दो महीनों में 17 दिनों तक कई अहम ट्रेनें रद्द रहेंगी, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ेंगे।

26 जनवरी से 13 फरवरी 2026 तक ये ट्रेनें रद्द

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार इस अवधि में सिकंदराबाद एक्सप्रेस, पटना–चलरपल्ली एक्सप्रेस, यशवंतपुर–कोरबा एक्सप्रेस समेत करीब आधा दर्जन प्रमुख ट्रेनों को रद्द किया गया है।

तीसरे दिन भी जारी एयरपोर्ट संकट

इधर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पर इंडिगो फ्लाइट्स का संकट शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। DGCA के नए नियमों के बाद उड़ानों के शेड्यूल पूरी तरह गड़बड़ा गए हैं। शुक्रवार को इंडिगो की करीब 6 फ्लाइटें रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर भटकना पड़ा।

दिल्ली–मुंबई रूट सबसे ज्यादा प्रभावित

दिल्ली–रायपुर–दिल्ली रूट पर इंडिगो की 5 फ्लाइटें रद्द, जबकि मुंबई–रायपुर–मुंबई की तीनों नियमित उड़ानें नहीं चलीं। अहमदाबाद, लखनऊ, कोलकाता और बेंगलुरु रूट पर उड़ानें कई–कई घंटे देरी से पहुंचीं।

टिकट कैंसिल, दाम डबल

फ्लाइट रद्द होते ही दूसरी एयरलाइंस के टिकटों के दाम 100% तक बढ़ गए। यात्रियों का कहना है कि जो टिकट 5–6 हजार में मिल रहा था, वही 12–15 हजार तक पहुंच गया।

मुंबई–रायपुर हवाई संपर्क ठप

शुक्रवार को मुंबई और रायपुर के बीच एक भी फ्लाइट संचालित नहीं हुई। दिल्ली रूट पर भी यात्रियों को केवल एयर इंडिया की तीन फ्लाइटों पर निर्भर रहना पड़ा।

कोलकाता–लखनऊ फ्लाइट के यात्री रायपुर में फंसे

कोलकाता से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट भुवनेश्वर होकर रायपुर पहुंची, लेकिन यात्रियों को यहीं उतार दिया गया। लखनऊ ले जाने का वादा पूरा न होने पर देर रात तक विमान में हंगामा होता रहा। यात्रियों ने एयरलाइन पर धोखा देने के आरोप लगाए।

ट्रेन की ओर भागे यात्री, स्पेशल ट्रेनें शुरू

एयरपोर्ट पर बढ़ती अव्यवस्था के बाद बड़ी संख्या में यात्री रेलवे स्टेशन पहुंचे। दबाव बढ़ने पर रेलवे को स्पेशल ट्रेनें चलानी पड़ीं, इसके बावजूद प्रतीक्षा सूची तेजी से बढ़ रही है।

शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ी मुश्किल

पीक वेडिंग सीजन में फ्लाइट कैंसिल होने से कई बारातें, रिसेप्शन और पारिवारिक कार्यक्रम प्रभावित हो गए हैं, जिससे यात्रियों में भारी नाराजगी है।

आज से मिल सकती है राहत

विमानन संकट के तीसरे दिन DGCA ने नियमों में कुछ ढील दी है। इसके बाद शनिवार से उड़ान संचालन में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल हालात यह हैं कि रायपुर समेत कई एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ और अफरा–तफरी बनी हुई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related