भिलाई: भिलाई सेक्टर 7 स्थित कल्याण कॉलेज में मंगलवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। चार महीने पुराने विवाद को लेकर NSUI ने प्रिंसिपल डॉ. विनय शर्मा के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया और उनके चेंबर में जबरन घुसकर जूतों की माला पहनाने की कोशिश की।
NSUI कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने महिला सफाईकर्मियों के साथ अभद्रता की और उन्हें नौकरी से हटा दिया। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज NSUI ने कॉलेज परिसर में घेराव किया। चेंबर में घुसने के बाद कार्यकर्ताओं ने दस्तावेज हवा में उछाले, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाहर आने के बाद भी NSUI कार्यकर्ता कॉलेज गेट पर धरने पर बैठ गए और प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
वहीं, प्रिंसिपल डॉ. विनय शर्मा ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि किसी कर्मचारी से दुर्व्यवहार नहीं किया गया और NSUI की कार्रवाई अनुचित है। कॉलेज प्रबंधन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

