CG BREAKING : 3 teachers suspended for negligence in SIR work
रायपुर, 28 नवंबर 2025। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सहायक शिक्षक और शिक्षक वर्ग के तीन अधिकारियों को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य में लापरवाही के चलते निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी के निर्देश पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड पलारी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बम्हनी में पदस्थ सहायक शिक्षक एलबी प्रितम कुमार ध्रुव ने गणना पत्रक वितरण और वापसी के बाद उसे बीएलओ एप्प में ऑनलाइन दर्ज नहीं किया। इसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी पलारी में नियत किया गया।
इसी प्रकार, विकासखंड भाटापारा अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भाटापारा में शिक्षक अजय प्रकाश बंजारे और शासकीय प्राथमिक शाला निपनिया में सहायक शिक्षक द्रोपति ध्रुव को एसआईआर कार्य में लापरवाही और उच्च कार्यालय के आदेशों का पालन न करने के कारण निलंबित किया गया। यह कार्रवाई लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 13 ख(2) और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के तहत की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान शिक्षकों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। जिला प्रशासन ने कहा है कि इस कदम का उद्देश्य मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में पूर्ण पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना है।

