BJP SUSPENDS RK SINGH : 3 leaders including former Energy Minister RK Singh suspended!
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के एक दिन बाद ही भाजपा ने अपने बागी नेताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। अडानी समूह को 62 हजार करोड़ रुपये का लाभ पहुंचाने का आरोप लगाने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता आर.के. सिंह को पार्टी ने निलंबित कर दिया है। उनके साथ ही विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल और कटिहार की मेयर उषा अग्रवाल को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबन का नोटिस जारी किया गया है।
एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा
बिहार भाजपा के राज्य मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा ने तीनों नेताओं को नोटिस जारी कर निलंबन की जानकारी दी और एक सप्ताह के भीतर यह बताने को कहा कि क्यों उन्हें पार्टी से निष्कासित न किया जाए। नोटिस में स्पष्ट लिखा है कि ये नेता “पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं, जिससे संगठन को नुकसान पहुंचा है।”
निष्कासन की ओर बढ़ सकता है मामला
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह निलंबन एक औपचारिक प्रक्रिया है और संभावना है कि आगे चलकर तीनों नेताओं को भाजपा से निष्कासित कर दिया जाएगा।
2024 की हार के बाद से ही नाराज थे आर.के. सिंह
आरा से दो बार सांसद और मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में ऊर्जा मंत्री रह चुके आर.के. सिंह 2024 लोकसभा चुनाव में हार के बाद से ही पार्टी नेतृत्व और एनडीए सरकार की खुलकर आलोचना कर रहे थे। उन्होंने कई बार बिहार सरकार और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद से ही उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही थी।
पूर्व नौकरशाह रह चुके सिंह, मनमोहन सिंह सरकार में गृह सचिव भी रहे थे। 2013 में भाजपा ज्वॉइन कर उन्होंने 2014 और 2019 में आरा से जीत दर्ज की थी।
मोबाइल स्विच ऑफ
निलंबन पर जब द लेंस ने उनकी प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
