रायपुर। रायपुर सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने राज्य स्थापना के रजत जयंती अवसर पर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में आम जनता और विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की पहल की है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर रायपुर शहर से नया रायपुर के सेंध लेक (सत्य साईं हॉस्पिटल के पास) तक आने-जाने के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
सांसद अग्रवाल ने पत्र में उल्लेख किया है कि एयर शो स्थल शहर के मुख्य भागों से काफी दूरी पर स्थित है और वर्तमान में वहां तक पहुंचने के लिए कोई नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं है। इससे स्कूली बच्चों, कॉलेज के छात्रों और आम नागरिकों को कार्यक्रम में शामिल होने में कठिनाई हो सकती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि रायपुर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों के लिए विशेष बस सेवा की व्यवस्था की जाए। साथ ही बसों के संचालन समय, मार्ग और ठहराव स्थलों की जानकारी पूर्व में सार्वजनिक करने का सुझाव भी दिया है, ताकि नागरिक समय पर एयर शो स्थल तक पहुंच सकें।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल एक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रगौरव और देशभक्ति की भावना से भरा अवसर है, जिसे अधिकतम नागरिकों को देखने का अवसर मिलना चाहिए।

