CG Food Department action: Insect found in hotel’s sambar; hotel shut down until further notice!
CG FOOD DEPARTMENT ACTION: छत्तीसगढ़ के कटघोरा के मुख्य मार्ग पर स्थित मुरली होटल में शुक्रवार सुबह नाश्ते में ग्राहकों को परोसे गए सांभर में कीड़ा मिला।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह होटल में कई ग्राहक डोसा और सांभर खा रहे थे। इसी दौरान एक ग्राहक की प्लेट में सांभर के अंदर कीड़ा दिखाई दिया।
ग्राहक ने इसकी जानकारी होटल स्टाफ को दी। बताया जा रहा है कि स्टाफ ने भी सांभर में कीड़ा होने की बात स्वीकार की। घटना सामने आने के बाद कुछ ग्राहकों ने खाना बीच में ही छोड़ दिया और होटल से बाहर निकल गए।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और शिकायत की जानकारी मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम शुक्रवार को कटघोरा पहुंची।
निरीक्षण के दौरान होटल में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। साथ ही FSSAI के निर्धारित नियमों का पालन नहीं होता पाया गया।
खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए मुरली होटल को अगले आदेश तक बंद रखने का नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही होटल में खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है। अब सांभर के सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


