PATNA ME BAWAL : PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी को लेकर भिड़े BJP–कांग्रेस कार्यकर्ता, कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़

BAWAL IN PATNA : BJP-Congress workers clashed over indecent comments on PM Modi, Congress office vandalized
पटना, 29 अगस्त। दरभंगा की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां पर अपशब्दों के इस्तेमाल के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। शुक्रवार को पटना में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की और तोड़फोड़ की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लाठियां बरसाईं, वाहनों में तोड़फोड़ की और ईंट–पत्थर भी फेंके, जिसमें कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। एक कार्यकर्ता का सिर भी फट गया।
दूसरी ओर, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ‘सदाकत आश्रम’ तक मार्च निकाला और राहुल गांधी व इंडिया गठबंधन नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस को हालात काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
अपशब्द बोलने वाला आरोपी गिरफ्तार
दरभंगा की रैली में कांग्रेस–राजद मंच से अभद्र भाषा बोलने वाले आरोपी रिजवी उर्फ राजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले ने सियासत को और गरमा दिया है।
अमित शाह का कांग्रेस-राजद पर हमला
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने घटना की कड़ी निंदा की और कांग्रेस–राजद पर लोकतंत्र को कलंकित करने का आरोप लगाया। शाह ने कहा, “यह केवल प्रधानमंत्री मोदी नहीं, बल्कि हर मां और हर बेटे का अपमान है। 140 करोड़ देशवासी इसे कभी माफ नहीं करेंगे।”
बिहार की राजनीति में यह विवाद अब बीजेपी और कांग्रेस–राजद के बीच सीधा टकराव बन गया है, जिससे आने वाले दिनों में माहौल और गर्माने की संभावना है।