DELHI CM OATH CEREMONY: From Kejriwal, film stars to industrialists, even slum people were invited to the oath ceremony of the new Chief Minister of Delhi.
नई दिल्ली। दिल्ली में नई सरकार की ताजपोशी की तैयारियां जोरों पर हैं। 20 फरवरी को राजधानी को नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। रामलीला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में दोपहर 12 बजे नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाई जाएगी। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
भाजपा तय करेगी नए मुख्यमंत्री का नाम
हालांकि, अभी तक दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। भाजपा आज होने वाली विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगी।
शपथ समारोह में खास मेहमानों को न्योता
इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा ने झुग्गी बस्ती प्रतिनिधियों, वूमेन ऑटो ड्राइवरों, कैब ड्राइवरों समेत आम जनता से जुड़े लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया है।
इसके अलावा, भाजपा ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी को भी न्योता भेजा है। साथ ही 20 राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और एनडीए के नेता भी इस आयोजन में शामिल होंगे।
फिल्मी सितारे और उद्योगपतियों की होगी मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह में अक्षय कुमार, विवेक ओबेरॉय, हेमा मालिनी, कैलाश खेर समेत 50 से अधिक फिल्मी हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। वहीं, उद्योग जगत से मुकेश अंबानी, गौतम अडानी सहित कई बड़े बिजनेस टायकून भी इस आयोजन में शिरकत कर सकते हैं।
इसके अलावा, बाबा रामदेव, बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र शास्त्री और स्वामी चिदानंद सहित कई धर्मगुरु भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे।
शपथ ग्रहण का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
सुबह 11 से 12 बजे: सभी अतिथि रामलीला मैदान पहुंचेंगे।
12 बजे: नए मुख्यमंत्री और उनकी मंत्रिपरिषद वेन्यू पर पहुंचेंगे।
12:15 बजे: उपराज्यपाल समारोह स्थल पर आएंगे।
12:20 बजे: गृह मंत्री अमित शाह एवं अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंचेंगे।
12:25 बजे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन होगा।
12:30 बजे: राष्ट्रगान के बाद शपथ ग्रहण प्रक्रिया शुरू होगी।
12:35 बजे: दिल्ली के नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करेंगे।
12:45 बजे: मंत्रिपरिषद शपथ लेगा।
1:00 बजे: समारोह का समापन।
30,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था
रामलीला मैदान में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। समारोह में 30,000 लोगों के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। राजधानी के इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली की जनता के लिए यह एक महत्वपूर्ण दिन होगा, जब उन्हें नई सरकार और नेतृत्व मिलेगा।

