चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री टी एस सिंहदेव की अध्यक्षता में हुई पं. जवाहरलाल नेहरु स्मृति मेडिकल कॉलेज स्वशासी समिति की बैठक

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

 

लंबित टेंडर, दवाओं की उपलब्धता और समिति के कार्यों समेत अन्य विषयों पर हुई विस्तृत समीक्षा

रायपुर : आज पं. जवाहरलाल नेहरु स्मृति मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री टी एस सिंहदेव की अध्यक्षता में स्वशासी समिति की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक की शुरुआत में श्री सिंहदेव ने कोरोना काल में कार्यरत रहे सभी लोगों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं, इसके उपरांत उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय में दवाओं की उपलब्धता का उल्लेख करते हुए श्री सिंहदेव ने कहा कि मरीजों के लिए दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए, इसके लिए यदि कोई भी समस्या आती है तो जानकारी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सीय सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेज को सीजीएमएससी के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है, जिसमें मशीनें क्रय करने और अन्य वस्तुओं के लिए सीजीएमएससी का सहयोग प्राप्त होता रहेगा। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने वित्त समिति, प्रबंध कार्यकारिणी समिति, पैथोलॉजी/बायोकेमेस्ट्री/माइक्रोबायोलॉजी विभाग, वायरोलॉजी, कार्डियोलॉजी समेत अन्य विभागों की विस्तारवार समीक्षा की।

आवेदन कर रहे बेरोजगार युवाओं से न्यूनतम राशि ली जाए : श्री टी एस सिंहदेव

इस बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने पं. जवाहरलाल नेहरु स्मृति मेडिकल कॉलेज की बैलेंस शीट देखते हुए कहा कि विभाग के पास जो राशि है उसका उपयुक्त प्रयोग कर सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित करना चाहिए। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि जो बेरोजगार युवा वेकैंसी के अनुरूप आवेदन कर रहे हैं उनसे शुल्क के तौर पर न्यूनतम राशि ही ली जाए। इसके साथ ही श्री सिंहदेव ने “हमर लैब” की मशीनें और कंस्यूमेबल्स की समीक्षा की और अंतर्विभागीय अनुमतियां और समन्वय पर चर्चा की। उन्होंने आगे कहा कि जनता की ओर से प्राप्त जानकारी अनुसार पोस्ट मॉर्टम की रिपोर्ट में विलंब होने की बात कही, जिसपर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इस दिशा में रिपोर्ट आसानी से उपलब्ध करवाने की बात कही

लीवर व किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधाओं को छत्तीसगढ़ में उपलब्ध करवाने के लिए हों प्रयास : श्री टी एस सिंहदेव

इस बैठक में चिकित्सकों ने लीवर व किडनी ट्रांसप्लांट के लिए उपयुक्त संसाधनों की सूची सौंपी जिसमें कुछ मशीनों को क्रय कर प्रदेश के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय और चिकित्सालय में लीवर व किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सकती है और प्रदेश इस सुविधा में आत्मनिर्भर हो सकता है। इस बैठक में श्री सिंहदेव ने कहा कि जल्द ही उपयुक्त मशीनों के संबंध में विचार कर इन्हे उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
इसके साथ ही 43 लाख की कंप्यूटराइज्ड स्पीच लैब के माध्यम से की जाने वाली निशुल्क स्पीच थेरेपी को 500 रुपए के शुल्क का प्रस्ताव रखा गया, जिसे निरस्त कर चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने इसे निशुल्क रखने के निर्देश दिए और शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय में फिजियोथेरेपी के लिए ₹10-₹20 के शुल्क को भी निरस्त कर इसे निशुल्क करने के लिए निर्देशित किया।
इस बैठक में विभाग की ओर से स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और अधोसंरचना विकास के लिए फायर फाइटिंग सिस्टम, लेक्चर हॉल में ऑडिविजुअल सिस्टम, गर्ल्स हॉस्टल की वैकल्पिक व्यवस्था समेत विभिन्न प्रस्ताव रखे गए। जिसपर चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने विस्तृत चर्चा करते हुए प्रस्तावों के अनुरूप प्रारूप तैयार करने के लिए निर्देशित किया। इस बैठक में रायपुर उत्तर विधायक श्री कुलदीप जुनेजा, रायपुर पश्चिम विधायक श्री विकास उपाध्याय समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related