Zubeen Garg Death : CM Sarma orders CID probe, FIR against 2
गुवाहाटी, 20 सितंबर। असम और पूर्वोत्तर के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग (Zubeen Garg) के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) अपनी पत्नी रिनिकी भुयान सरमा के साथ शनिवार को गुवाहाटी स्थित गायक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की।
सीएम ने बताया कि सिंगापुर में जुबिन गर्ग का पोस्टमॉर्टम पूरा हो गया है और उनका पार्थिव शरीर अब भारतीय दूतावास के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “हम लगातार संपर्क में हैं और जल्द ही जुबिन दा को असम वापस लाया जाएगा।”
स्कूबा डाइविंग के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को जुबिन गर्ग सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई। तुरंत सीपीआर देकर उन्हें सिंगापुर जनरल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे आईसीयू में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
दिल्ली एयरपोर्ट जाएंगे सीएम
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि वह स्वयं दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद रहकर जुबिन गर्ग के पार्थिव शरीर को रिसीव करेंगे। इस दौरान उन्होंने बताया कि जुबिन गर्ग की मौत से जुड़े मामले में श्यामकानु महंत और सिद्धार्थ सरमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने असम के डीजीपी को आदेश दिया है कि सभी एफआईआर को CID को सौंपकर जांच कराई जाए।
लाखों प्रशंसक कर रहे अंतिम दर्शन का इंतजार
गुवाहाटी में जुबिन गर्ग के घर के बाहर हजारों की संख्या में प्रशंसक उनके अंतिम दर्शन के इंतजार में खड़े हैं। पूरा असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र इस असामयिक निधन से शोकाकुल है।

