GLOBAL OUTAGE UPDATE : YouTube is down worldwide, affecting millions of users.
नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube की सेवाएं मंगलवार शाम अचानक ठप हो गईं, जिससे भारत समेत कई देशों के यूजर्स प्रभावित हुए। शिकायतों की सबसे पहले शुरुआत अमेरिका से हुई, जहां लाखों लोगों ने वीडियो न चलने और प्लेटफॉर्म एक्सेस न होने की समस्या बताई।
वेबसाइट्स और सर्वर पर नजर रखने वाली Downdetector के मुताबिक अमेरिकी समयानुसार मंगलवार रात करीब आठ बजे तक 2.40 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। यूजर्स ने बताया कि वे वीडियो प्ले नहीं कर पा रहे थे और ऐप व वेबसाइट दोनों पर दिक्कत आ रही थी।
भारत में भी बुधवार तड़के और सुबह करीब 9 बजे तक कई यूजर्स ने सेवाओं में बाधा की शिकायत की। सोशल मीडिया पर लोगों ने स्क्रीनशॉट शेयर कर सर्वर डाउन होने की जानकारी दी।
तकनीकी गड़बड़ी की खबरों के बीच Google ने बयान जारी कर कहा कि “कुछ यूजर्स को YouTube एक्सेस करने में परेशानी हो रही है। हमारी टीम समस्या को दूर करने में जुटी है और जल्द अपडेट साझा किया जाएगा।” बाद में कंपनी की ओर से बताया गया कि अधिकांश समस्याएं दूर कर दी गई हैं और सेवाएं सामान्य हो रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका के अलावा ब्रिटेन और कनाडा में भी यूजर्स प्रभावित हुए। हालांकि खबर लिखे जाने तक गड़बड़ी की सटीक वजह पर आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल कंपनी तकनीकी खामी के कारणों की जांच में जुटी है।

