UPSC RESULT 2025 : Chhattisgarh excels in Civil Services Examination
रायपुर। UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी होते ही छत्तीसगढ़ के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों के अभ्यर्थियों ने इस कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की है।
रायपुर के गुढ़ियारी की रहने वाली वैभवी अग्रवाल ने ऑल इंडिया 35वीं रैंक हासिल की है। खास बात यह है कि यह उनका तीसरा प्रयास था। पहले दो प्रयासों में असफलता मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरकार सफलता हासिल कर ली। रिजल्ट आने के बाद वैभवी अपने परिवार के साथ मंदिर दर्शन करने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि बचपन से उनका सपना समाज सेवा करना था।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर की दर्शना सिंह बघेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 383वीं रैंक हासिल की है। दर्शना ने आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। पिछले साल उन्होंने प्री और मेंस निकाल लिया था, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया था। दूसरे प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल कर ली। उनके पिता किसान हैं और मां जनकपुर नगर पंचायत की पार्षद हैं।
धमतरी जिले के ग्राम परसवानी के रहने वाले डीएसपी डायमंड सिंह ध्रुव ने भी UPSC में 623वीं रैंक हासिल की है। वे छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी हैं। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने लगातार यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और अब इस परीक्षा में सफलता हासिल की है। माना जा रहा है कि इस रैंक के आधार पर उनका चयन आईपीएस के लिए हो सकता है।
इसके अलावा रायपुर के रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया का भी चयन हुआ है। यूपीएससी के रिजल्ट के बाद पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है और सफल अभ्यर्थियों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

