The impact of LPG gas was visible in the canteen of an IT company, staff was asked to work from home.
बेंगलूरु: Iran-America-Israel में छिड़ी जंग के बीच भारत में LPG गैस का संकट बढ़ता जा रहा है। होटल, रेस्तरां समेत अलग-अलग स्थानों से LPG गैस की कमी की खबरें आ रही हैं। LPG संकट का असर अब सामान्य लोगों के साथ-साथ बड़ी कंपनियों पर भी पड़ने लगा है। देश की दिग्गज आईटी कंपनी HCL टेक के कैंटीन में भी LPG संकट की खबरें सामने आई हैं। कंपनी कैंटीन में गैस की कमी के चलते HCL टेक ने अपने चेन्नई कार्यालय के कर्मचारियों को 12-13 मार्च को वर्क फ्रॉम होम यानी घर से काम करने का विकल्प दिया है। LPGकी कमी के चलते कई कैंटीन विक्रेता अपना काम नहीं कर पा रहे थे, जिसके चलते कंपनी ने कर्मचारियों को इन दो दिनों में घर से काम करने की अनुमति दी। पुष्टि के लिए HCL टेक को भेजे गए ईमेल का अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
इंफोसिस की एडवाइजरी
इसके अलावा, खाद्य संबंधी व्यवधानों के कारण दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस लिमिटेड को बेंगलुरु और चेन्नई सहित अपने कम से कम दो स्थानों पर एडवाइजरी जारी करनी पड़ी है। इंफोसिस ने बेंगलुरु में अपने कर्मचारियों को एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि व्यावसायिक LPG की उपलब्धता को लेकर उत्पन्न होने वाली अनिश्चितता के मद्देनजर कैंटीन में मेनू में कम आइटम होंगे। कार्यालयों में लाइव काउंटर सेवाएं बंद कर दी गई हैं और कर्मचारियों से घर का बना खाना लाने का आग्रह किया जा रहा है। बता दें कि इंफोसिस और एचसीएलटेक में पिछले साल क्रमशः 337,034 और 226,379 कर्मचारी कार्यरत थे। इनमें से कम से कम तीन-चौथाई कर्मचारी भारत में तैनात हैं।

