SWACHH SURVEKSHAN 2025: Chhattisgarh receives 3 national awards!
SWACHH SURVEKSHAN 2025: नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025′ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छत्तीसगढ़ के तीन निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित इस सर्वेक्षण में बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया।
वहीं, बिलासपुर नगर निगम ने ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि रायपुर नगर निगम को राज्य स्तरीय स्वच्छता में पहला पुरस्कार मिला।
इस प्रतिष्ठित सम्मान को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा विभागीय प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने प्राप्त किया।
उनके साथ संबंधित नगरीय निकायों के महापौर, अध्यक्ष और आयुक्त भी मौजूद थे। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, बिलासपुर आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे (IAS), रायपुर महापौर मीनल चौबे, रायपुर आयुक्त सम्बित मिश्रा (IAS), बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे तथा सूडा के मिशन निदेशक सुमीत अग्रवाल (IAS) भी मौजूद रहे।


