SUKHOI 30 CRASH : Sukhoi fighter jet crashes in Assam
असम. असम से भारतीय वायुसेना को बड़ा झटका लगा है। वायुसेना का शक्तिशाली सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट गुरुवार शाम क्रैश हो गया। इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरगकर की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक फाइटर जेट ने असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी। उड़ान के बाद शाम 7.42 बजे तक विमान रडार पर नजर आ रहा था, लेकिन इसके बाद अचानक संपर्क टूट गया। जैसे ही विमान लापता हुआ, भारतीय वायुसेना ने तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
कुछ समय बाद पुष्टि हुई कि विमान क्रैश हो गया है और दोनों पायलटों को जानलेवा चोटें आईं। वायुसेना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दोनों अधिकारियों के निधन पर गहरा दुख जताया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
सुखोई-30 एमकेआई भारतीय वायुसेना का सबसे ताकतवर और भरोसेमंद मल्टी-रोल फाइटर जेट माना जाता है। यह लंबी दूरी तक उड़ान भरने, हवा से हवा और हवा से जमीन पर हमला करने में सक्षम है। इसमें अत्याधुनिक रडार, थ्रस्ट वेक्टर कंट्रोल और ब्रह्मोस जैसी सुपरसोनिक मिसाइल ले जाने की क्षमता भी है।
2000 के दशक की शुरुआत में भारतीय वायुसेना में शामिल हुआ यह फाइटर जेट आज देश की वायु सुरक्षा की रीढ़ माना जाता है।

