CHHATTISGARH : Student deaf due to beating by teacher
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक स्कूल से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। डोंगरगढ़ के खालसा पब्लिक स्कूल में 7वीं कक्षा के छात्र को टीचर की पिटाई के बाद गंभीर चोट लग गई और उसकी सुनने की क्षमता प्रभावित हो गई।
मामला 2 जुलाई 2025 का है। बताया जा रहा है कि छात्र सार्थक सहारे को क्लास में किताब निकालने में थोड़ी देर हो गई थी। इसी बात पर पहले क्लास टीचर ने शिकायत की और फिर इंचार्ज प्रियंका सिंह ने उसे 3-4 थप्पड़ जड़ दिए।
स्कूल से घर पहुंचने के बाद बच्चे ने जब मां को बताया कि उसे ठीक से सुनाई नहीं दे रहा, तो परिवार घबरा गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के कान में अंदरूनी चोट आई है। हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर तक रेफर करना पड़ा।
इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद आरोपी टीचर प्रियंका सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं दूसरी शिक्षिका नम्रता साहू अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा कितनी सुरक्षित है।

