TS SINGHDEO : What is Sanatana? TS Singhdeo’s direct question to the BJP
रायपुर। सनातन को लेकर बीजेपी द्वारा कांग्रेस को सनातन विरोधी बताए जाने पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कड़ा पलटवार किया है। सिंहदेव ने कहा कि पहले यह तय किया जाए कि सनातन आखिर है क्या। रामायण, गीता, महाभारत, पुराण और उपनिषद, यही सनातन की आत्मा हैं।
टीएस सिंहदेव ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या मनुस्मृति को सनातन मानकर लागू करने की बात की जा रही है, जिसमें अनुसूचित जाति को वेदों के उच्चारण तक से वंचित रखा गया है। उन्होंने साफ कहा कि सनातन का असली अर्थ सत्य है, जो कभी खत्म नहीं होता और किसी के साथ भेदभाव नहीं करता।
सिंहदेव का यह बयान बीजेपी के उस आरोप के जवाब में आया है, जिसमें कांग्रेस को सनातन विरोधी बताया गया था। उनके बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सनातन और सामाजिक न्याय को लेकर बहस तेज हो गई है।
टीएस सिंहदेव का सीएम साय को पत्र
उल्लेखनीय है कि टीएस सिंहदेव ने हाल ही में सरगुजा की रामगढ़ पहाड़ी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को छह पन्नों का पत्र लिखा था। पत्र में उन्होंने रामगढ़ पहाड़ियों के संरक्षण की मांग की थी।
सिंहदेव ने लिखा कि रामगढ़ की पहाड़ियां न केवल पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि इन्हें माता सीता और भगवान राम के निवास स्थल के रूप में भी माना जाता है। उन्होंने क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया था।

