ROHIT SHETTY HOUSE FIRING : Firing at Rohit Shetty’s house, panic in Mumbai
मुंबई। बॉलीवुड सेलेब्स के घरों पर फायरिंग का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सलमान खान और कपिल शर्मा से जुड़े मामलों के बाद अब मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जुहू इलाके स्थित शेट्टी टावर के बाहर अज्ञात बदमाश ने देर रात 4 से 5 राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। एहतियात के तौर पर रोहित शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बाइक से आया था। उसने कुछ दूरी पर बाइक खड़ी की, फिर पैदल चलते हुए टावर के पास पहुंचा और फायरिंग कर फरार हो गया। शुरुआती जांच में एक ही शख्स द्वारा वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है।
सूत्रों की मानें तो इस फायरिंग पैटर्न का मेल सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग से भी बताया जा रहा है। इसी वजह से जांच एजेंसियों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शक है, हालांकि अब तक न तो किसी गैंग ने जिम्मेदारी ली है और न ही पुलिस ने इसकी पुष्टि की है।
बताया गया है कि शेट्टी टावर में 8 सीसीटीवी कैमरे और 2 एंट्री-एग्जिट गेट हैं। आसपास कई बड़े बॉलीवुड सितारों के घर होने के कारण घटना के बाद जुहू इलाके में सुरक्षा और सख्त कर दी गई है।

