दुर्ग। भिलाई-3 के सिरसा गेट चौक के पास सड़क हादसे में माँ-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जिसने भी यह मंजर देखा उनकी रूह कांप उठी। जानकारी के अनुसार, राकेश दुबे अपनी पत्नी आरती दुबे और दो साल की बेटी सोना दुबे के साथ बाइक से रायपुर से भिलाई लौट रहे थे।
परिजनों की ओर से पुलिस को बताया गया है कि पीछे से तेज रफ्तार कार ने राकेश दुबे की बाइक को जोरदार टक्कर मारी जिससे बाइक अनियंत्रित होकर मां-बेटी सड़क पर गिर गए। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक ट्रक के नीचे आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में बाइक चला रहे राकेश दुबे को हल्की चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि कार चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं कार चालक की तलाश की जा रही है।

