CG DRUG CASE : Drug racket busted… 450 narcotic pills seized, 7 accused arrested
राजनांदगांव, 6 फरवरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बायपास रोड क्षेत्र में नशीली गोलियां बेचने की कोशिश कर रहे 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 450 नग अल्फ्राजोलम टेबलेट जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 1350 रुपए बताई गई है।
एएसपी कीर्तन राठौर ने प्रेसवार्ता में बताया कि 4 फरवरी को सूचना मिली थी कि दुर्ग का एक युवक महाकाल टी स्टॉल के पास नशीली दवाइयों की बिक्री में संलिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात करीब 10 से 11 बजे के बीच बायपास रोड के आगे संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अल्फ्राजोलम टेबलेट बरामद हुई।
जब्त टेबलेट का औषधि निरीक्षक से सत्यापन कराया गया, जिसमें इसे प्रतिबंधित नशीली दवा प्रमाणित किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ ध्रुव (22) जिला दुर्ग, तरण सिंह (24) गौरीनगर, रितेश यादव (19) लखोली, प्रमोद बघेल (21) 16 खोली, रोहन गायकवाड़ (22) गौरीनगर, प्रियांशु चौहान (22) गौरीनगर और तारेश सिन्हा (19) लखोली नाका, राजनांदगांव शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

