RAIPUR DIVYA DARBAR : Controversy over Divya Darbar, Maharaj warns of agitation!
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में दिव्य दरबार और प्रेत दरबार के आयोजन को लेकर विवाद गहरा गया है। मां मातंगी दिव्यधाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाईं महाराज ने पुलिस प्रशासन पर धार्मिक आयोजनों की अनुमति देने में भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर उनके कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिली, तो वे अन्न त्यागकर प्रदर्शन करेंगे।
24 से 28 अक्टूबर तक होना है आयोजन
प्रेमासाईं महाराज के मुताबिक, रायपुर के गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में 24 से 28 अक्टूबर तक पांच दिवसीय दिव्य दरबार प्रस्तावित है। उनका दावा है कि इसमें देश-विदेश से 35 से 40 हजार श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन पूरी तरह निशुल्क होगा, लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिलने से स्थिति स्पष्ट नहीं है।
बागेश्वर धाम का नाम लेकर उठाए सवाल
महाराज ने सवाल उठाया कि यदि बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रमों में दिव्य और प्रेत दरबार आयोजित होते हैं, तो स्थानीय संतों को अनुमति देने में आपत्ति क्यों है? उन्होंने मांग की कि धार्मिक आयोजनों के लिए नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए।
सरकार नहीं, प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन
प्रेमासाईं महाराज ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध मुख्यमंत्री या राज्य सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली के विरोध में होगा। उन्होंने कहा कि यदि अनुमति नहीं मिली, तो प्रस्तावित आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के साथ बैठकर अन्न त्याग करेंगे।
अब सबकी नजर प्रशासन के फैसले पर है। फिलहाल, अनुमति को लेकर प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
