CG CONTROVERSIAL POST : Controversy over social media status, Hindu organizations surround police station
रायपुर. रायपुर के राजातालाब इलाके में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पेशे से वकील अंजुम खान पर हिंदू देवी-देवताओं और हिंदुत्व को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है।
बताया जा रहा है कि अंजुम खान ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर रमजान की शुभकामनाओं के साथ हिंदू देवी-देवताओं पर विवादित टिप्पणी कर दी। पोस्ट सामने आते ही यह तेजी से वायरल हो गया और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। संगठन के लोगों ने थाने का घेराव भी किया।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

