STRAY DOGS DELHI : Rahul Gandhi objects to SC order … “Removal of stray dogs cruel and short-sighted”
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली-एनसीआर से आवारा कुत्तों को पकड़कर नसबंदी करने और स्थाई रूप से शेल्टर में रखने के आदेश पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कड़ा विरोध जताया है।
राहुल गांधी ने कहा कि कोर्ट का यह कदम मानव और विज्ञान आधारित दशकों पुरानी पॉलिसी से पीछे हटने जैसा है। उन्होंने कहा “ये बेजुबान कोई समस्या नहीं हैं जिन्हें मिटा दिया जाए। शेल्टर, नसबंदी, वैक्सीनेशन और कम्युनिटी केयर ही सड़कों को सुरक्षित रख सकते हैं, वो भी बिना क्रूरता के।”
राहुल के मुताबिक, अचानक सामूहिक रूप से कुत्तों को हटाना क्रूर, अदूरदर्शी और करुणा से परे है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनसुरक्षा और पशु कल्याण दोनों को साथ लेकर चलना संभव है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 28 जुलाई को आवारा कुत्तों के हमलों और रेबीज से मौतों के मामलों पर स्वत: संज्ञान लिया था। अदालत ने आठ हफ्तों में शेल्टर होम बनाने, छह हफ्तों में 5000 कुत्तों को पकड़ने और संवेदनशील इलाकों से अभियान शुरू करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने साफ किया था कि इस कार्रवाई में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
