RAHUL GANDHI: Rahul Gandhi may detonate a ‘hydrogen bomb’ today, a major revelation is possible on evidence of vote theft.
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल वोट चोरी से जुड़े नए सबूत पेश कर सकते हैं। पिछले कुछ महीनों से राहुल गांधी लगातार चुनाव आयोग और बीजेपी पर मिलीभगत के आरोप लगाते आ रहे हैं। ऐसे में सियासी हलकों में कयास लगाया जा रहा है कि राहुल के ‘हाइड्रोजन बम’ से बड़ा धमाका हो सकता है।
क्या है राहुल गांधी का ‘हाइड्रोजन बम’?
1 सितंबर को पटना में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन पर राहुल गांधी ने कहा था – “एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम होता है, वोटचोरी की सच्चाई पूरे देश को पता चलने वाली है।” इसके बाद उन्होंने रायबरेली में भी यही बात दोहराई थी। कांग्रेस का कहना है कि राहुल के पास चुनाव आयोग और बीजेपी की कथित मिलीभगत के सबूत मौजूद हैं।
किन मुद्दों पर खुलासा संभव?
• हरियाणा चुनाव – कांग्रेस नेताओं का दावा है कि मामूली अंतर से हारी सीटों पर वोट चोरी हुई है।
• महाराष्ट्र और कर्नाटक – राहुल पहले ही आरोप लगा चुके हैं कि कर्नाटक की महादेवपुरा सीट पर 1 लाख से ज्यादा फर्जी वोट जोड़े गए।
• वाराणसी सीट – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का आरोप है कि पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में वोट चोरी से चुनाव जीते। माना जा रहा है कि राहुल यहां से जुड़े आंकड़े भी पेश कर सकते हैं।
48 सीटों पर कांग्रेस की नज़र
राहुल गांधी की टीम 48 ऐसी सीटों पर काम कर रही है, जहां कांग्रेस का मानना है कि वह वोट चोरी की वजह से हारी। इनमें वाराणसी भी शामिल है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल इन सीटों पर गड़बड़ियों का हवाला दे सकते हैं।
क्या बिहार चुनाव से पहले होगा बड़ा धमाका?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी इस मुद्दे को और जोर-शोर से उठाना चाहते हैं। तेजस्वी यादव के साथ उन्होंने पहले ही वोटर अधिकार यात्रा की थी। अब सवाल यह है कि ‘हाइड्रोजन बम’ का असर कितना बड़ा होगा और क्या कांग्रेस को इसका सीधा राजनीतिक लाभ मिल पाएगा?
अब सबकी निगाहें राहुल गांधी की आज होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं। क्या वाकई वे वोट चोरी से जुड़े विस्फोटक सबूत देंगे या फिर ये महज सियासी रणनीति है – इसका जवाब कुछ ही देर में मिल जाएगा।

