Trending Nowदेश दुनिया

प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश में किया विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान का श्रीगणेश

जबलपुर । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मध्यप्रदेश के जबलपुर प्रवास पर हैं। वे विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान का श्रीगणेश करने आई हैं। उन्होंने यहां नर्मदा नदी के तट पर पहुंचकर पूरे विधि विधान के साथ पूजा अर्चना और आरती की।

जबलपुर में एक जनसभा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भाजपा पर हमला करते हुए कहा इनके(भाजपा) दिलों में आपके लिए कोई आस्था नहीं है। यहां आकर घोषणाएं करते हैं, उन्हें पूरा नहीं करते हैं। बड़ी-बड़ी बाते होती हैं, डबल इंजन और ट्रिपल इंजन की बाते होती हैं। ये हिमाचल और कर्नाटक में भी यही कहते थे। जनता ने इन्हें दिखा दिया कि ये डबल इंजन की बाते बंद करो और काम करो नहीं तो निकाल देंगे।

भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए प्रियंका गांधी को चुनावी हिंदू करार दिया है। राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और प्रियंका गांधी प्रचार का शंखनाद करने आई हैं। वह विमान से जबलपुर पहुंची और उसके बाद नर्मदा नदी के तट पर ग्वारीघाट पर पहुंच कर उन्होंने पूजा-अर्चना की और नर्मदा मैया की आरती की। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ, सांसद विवेक तंखा सहित तमाम अन्य नेता मौजूद रहे।

राज्य सरकार के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने प्रियंका गांधी पर तंज कसा है और कहा है कि प्रियंका गांधी चुनावी हिंदू हैं जिन्हें चुनाव के समय मंदिर, गंगा और नर्मदा मैया की याद आती है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के इस पाखंड को अच्छी तरह समझती है। मेरा यही कहना है कि संस्कारधानी की जगह किसी और शहर को चुन लेती, संस्कारधानी आ रही हैं और ऐसे लोगों के साथ मंच शेयर कर रही हैं जो महिलाओं को आइटम बोलते हैं कहीं टंच माल बोलते हैं। नर्मदा मैया और गंगा मैया की याद आपको चुनाव के समय ही आती है।

Share This: