PM MODI ETHIOPIA VISIT : Ethiopia is famous for lions like Gujarat, we are writing a new chapter of relations – PM Modi
अदिस अबाबा। अफ्रीकी देश इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-इथियोपिया संबंधों को लेकर बड़ा संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह उनका गृह राज्य गुजरात शेरों के लिए जाना जाता है, वैसे ही इथियोपिया भी अपने शेरों के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि इथियोपिया की संसद को संबोधित करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है और सर्वोच्च सम्मान पाकर वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं।
प्रधानमंत्री ने सांसदों से भरे सदन में कहा कि भारत और इथियोपिया दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में शामिल हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत में गहरी समानताएं हैं। आज दोनों देश मिलकर रिश्तों की नई इबारत लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि इथियोपिया का युवा वर्ग भविष्य गढ़ रहा है और यही देश की सबसे बड़ी ताकत है। पीएम मोदी दो दिन के दौरे पर इथियोपिया पहुंचे हैं और बुधवार शाम ओमान के लिए रवाना होंगे।
इस महान भवन में जनता की इच्छा राज्य की इच्छा बनती है: पीएम मोदी
अदिस अबाबा में संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया गया, जिसे वे पूरे विनम्र भाव के साथ भारत की जनता की ओर से स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि इसी महान भवन में कानून गढ़े जाते हैं, जहां जनता की इच्छा राज्य की इच्छा बनती है और जब दोनों में सामंजस्य होता है, तब विकास की योजनाएं आगे बढ़ती हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सांसदों के माध्यम से वे खेतों में काम कर रहे किसानों, नए विचारों को आकार दे रहे उद्यमियों, समाज का नेतृत्व कर रही महिलाओं और इथियोपिया के युवाओं से संवाद कर रहे हैं, जो आने वाले कल को दिशा दे रहे हैं।
भारत की ओर से मित्रता और भाईचारे का संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे इथियोपिया की संसद, जनता और लोकतांत्रिक यात्रा के प्रति गहरे सम्मान के साथ यहां आए हैं। भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से वे मित्रता, सद्भावना और भाईचारे का संदेश लेकर आए हैं। पीएम मोदी ने भारत के राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और इथियोपिया के राष्ट्रगान का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों ही धरती को मां के रूप में देखते हैं और अपनी विरासत, संस्कृति व मातृभूमि की रक्षा की प्रेरणा देते हैं।

