NEW VIDHANSABHA : PM Modi inaugurated the new assembly building on the 25th Foundation Day.
रायपुर, 01 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ आज अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर चुका है। राज्य स्थापना दिवस के इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवा रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा भवन का उद्घाटन किया और भवन परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें नमन किया।
273.11 करोड़ की लागत से तैयार यह नया विधानसभा भवन आधुनिकता और परंपरा का संगम है। इसके उद्घाटन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत कई मंत्री, विधायक और अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति भवन जैसी झलक
नवा रायपुर के सेक्टर-19 में 20.78 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्मित यह भवन अपनी भव्यता के लिए चर्चा में है। इसकी नींव 28 अगस्त 2020 को कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में रखी गई थी और पांच साल बाद यह पूरी तरह तैयार हुआ। भवन का स्थापत्य राष्ट्रपति भवन से मिलता-जुलता है और इसमें पारंपरिक छत्तीसगढ़ी कला के गुम्बद और नक्काशी देखने को मिलती है।
120 विधायकों के लिए व्यवस्था
हालांकि वर्तमान में विधानसभा में 90 विधायक हैं, लेकिन भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 120 विधायकों की बैठक व्यवस्था की गई है। भवन के बाहर अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल मूर्ति इसकी पहचान बनी हुई है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस
नए विधानसभा परिसर में विधानसभा सचिवालय, सेंट्रल हॉल, मीडिया लाउंज, दर्शक दीर्घा, आर्ट गैलरी, तीन मीटिंग हॉल, कैंटीन और अन्य सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
यह भवन पूरी तरह इको-फ्रेंडली और पेपरलेस सिस्टम से लैस है। यहां बस्तर और सरगुजा आर्ट से सजे कॉरिडोर और आकर्षक गार्डन पूरे परिसर को जीवंत बनाते हैं।
वहीं परिसर में अस्पताल, म्यूजियम और ट्रांसजेंडर सहित सभी के लिए अलग टॉयलेट की व्यवस्था भी की गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “छत्तीसगढ़ का नया विधानसभा भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि राज्य की 25 वर्षों की उपलब्धियों और आने वाले उज्जवल भविष्य का प्रतीक है।”

