नौतपा के ताप को पंचक ने पछाड़ा, देर रात तक चल रही गर्म हवाओं ने किया हलाकान

Date:

नौतपे के बाद पंचक लगते ही दिन की तपिश के साथ रात में भी गर्मी का रिकार्ड टूट गया है। नौतपा के ताप को पंचक ने पछाड़ दिया है। तीन जून को प्रदेश में रायपुर की रात सबसे ज्यादा गर्म रही। शुक्रवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह बीते 10 वर्षों में जून में सर्वाधिक रहा। इससे पहले बिलासपुर में 15 जून 2019 को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। वहीं प्रदेश में शनिवार का दिन बीते 27 वर्षों में सर्वाधिक गर्म रहा। एआरजी मुंगेली का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री रहा।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार आगामी दो से तीन दिन और तपाने वाले होंगे। कुछ क्षेत्रों में लू भी चल सकती है। आखिरी दिन को छोड़ दिया जाए तो अंधड़, बारिश की वजह से पूरा नौतपा राहत भरा रहा। दूसरे दिन तीन जून को पंचक लगते ही सूर्य देव ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए। ज्योतिषियों का भी अनुमान है कि पंचक में अभी और गर्मी पड़ेगी, राहत की उम्मीद नहीं है। पंचक की तपिश का आलम यह है कि रात में भी गर्म हवा चल रही है।

अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। इस वर्ष नौतपा में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा थ। जबकि पंचक के पहले ही दिन अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। प्रदेश भर में इतना अधिक तापमान पूरे जून में नहीं पहुंचा था। वहीं राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बीते 27 वर्षों में आज के दिन बना रिकार्ड
बिलासपुर में जून 2012 में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं राजधानी रायपुर में वर्ष 1995 में जून महीने का अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राजस्थान-गुजरात की गर्म हवा का असर
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि इन दिनों राजस्थान और गुजरात की ओर से गर्म हवा आ रही है। इसके चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। तापमान बढ़ने के साथ गर्म हवा चल रही है। आने वाले दो दिनों तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related