OM BIRLA CONTROVERSY : स्पीकर ओम बिरला पर अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी!

Date:

OM BIRLA CONTROVERSY : Preparations underway for no-confidence motion against Speaker Om Birla!

नई दिल्ली। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक विपक्षी दलों का आरोप है कि स्पीकर उन्हें सदन में बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दे रहे और उनके फैसले लगातार सरकार के पक्ष में रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों से सदन में विपक्ष और स्पीकर के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली है। ओम बिरला ने हाल ही में कांग्रेस सांसदों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ “अप्रत्याशित घटना” की साजिश रचने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि कुछ सदस्य सदन के नेता की सीट के पास पहुंचकर अनुचित स्थिति पैदा करना चाहते थे, इसलिए उनके आग्रह पर प्रधानमंत्री मोदी सदन में नहीं आए।

बिरला ने यह भी कहा कि विपक्ष के कुछ सदस्यों का उनके चैंबर में आकर व्यवहार लोकसभा के इतिहास में “काले धब्बे” जैसा था। वहीं विपक्ष का कहना है कि स्पीकर पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहे हैं और राहुल गांधी को बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा।

हाल ही में स्पीकर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की अप्रकाशित किताब से उद्धरण देने की अनुमति नहीं दी थी। इसके विरोध में विपक्ष ने कार्यवाही का बहिष्कार किया। इसके अलावा सदन की अवमानना के मामले में आठ विपक्षी सांसदों के निलंबन से भी विवाद और गहरा गया।

गुरुवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी के जवाब के बिना ही पारित हो गया था, जिससे विपक्ष और अधिक नाराज दिखा।

प्रश्नकाल भी हुआ बाधित

सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका। बैठक शुरू होते ही स्पीकर ने अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी। इसके बाद जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ, कांग्रेस सदस्य राहुल गांधी को बोलने देने की मांग करने लगे।

स्पीकर ने स्पष्ट किया कि प्रश्नकाल केवल प्रश्नों के लिए होता है और अन्य मुद्दे शून्यकाल या बजट चर्चा के दौरान उठाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को उनके आवंटित समय के अनुसार बोलने का अवसर दिया जाएगा।

हालांकि, विपक्षी सांसद आसन के पास पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। शोर-शराबा बढ़ने पर स्पीकर ने बैठक को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया।

फिलहाल संसद में गतिरोध बना हुआ है और विपक्ष की ओर से स्पीकर के खिलाफ संभावित अविश्वास प्रस्ताव की चर्चा सियासी माहौल को और गरमा रही है।

 

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related