Nationalism resonates in Raipur, ‘Matrishakti’s historic display of power at ‘Main Bharat Hoon’ rally
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में “मैं भारत हूँ” थीम पर भव्य बाइक-स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक रैली में 2000 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर राष्ट्रभक्ति और नारी शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। मातृशक्ति की इस विशाल स्कूटी रैली ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया।

माँ काली मंदिर से हुआ रैली का शुभारंभ
रैली का विधिवत शुभारंभ माँ काली मंदिर से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम गान से की गई। इसके बाद अखिल भारतीय धर्मजागरण समन्वय कार्यसमिति के सदस्य राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव और भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
महिला पुलिस के नेतृत्व में निकला मातृशक्ति का सैलाब
रैली का नेतृत्व महिला पुलिस कर्मियों के अनुशासित दस्ते ने किया। उनके पीछे हजारों की संख्या में तिरंगा लिए महिलाएं उत्साह के साथ शामिल हुईं। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय” और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।

आयोजन की मुख्य संयोजिका रहीं डॉ. भारवि वैष्णव
इस विशाल आयोजन की मुख्य सूत्रधार और संयोजिका डॉ. भारवि वैष्णव (धर्म जागरण समन्वय प्रांत) और सह-संयोजिका डॉ. अनामिका सिंह (स्त्री रोग विशेषज्ञ, पार्षद एवं MIC सदस्य, नगर निगम रायपुर) रहीं।
डॉ. भारवि वैष्णव ने आयोजन की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि रायपुर की सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि भारतीय नारी के हृदय में राष्ट्र के प्रति समर्पण सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि इस रैली का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं बल्कि हर घर में राष्ट्र और स्वाभिमान की चेतना जगाना है।
महिला सशक्तीकरण का मजबूत संदेश
डॉ. अनामिका सिंह ने रैली की व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण तभी पूर्ण है जब महिलाएं मानसिक और सामाजिक रूप से भी सशक्त हों। इस रैली ने साबित किया कि महिलाएं समाज की रक्षक और मार्गदर्शक दोनों हैं।

नेताओं ने की आयोजन की सराहना
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मातृशक्ति की यह अनुशासित भागीदारी समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी। धर्म जागरण समन्वय विभाग के अखिल भारतीय प्रमुख राजेंद्र सिंह ने कहा कि संगठित मातृशक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति और संस्कृति की संरक्षक है। भाजपा प्रदेश महिला अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अग्रणी है और यह आयोजन उसी आत्मविश्वास का प्रतीक है।
श्रीराम मंदिर वीआईपी चौक पर हुआ समापन
तिरंगा हाथों में लिए यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए श्रीराम मंदिर, वीआईपी चौक पर संपन्न हुई। मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का भव्य स्वागत किया। श्रीराम मंदिर के उपाध्यक्ष सुनील रामदास और बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने भी आयोजन की सराहना की।
समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।

